नौतनवा/महराजगंज (प्रशांत त्रिपाठी की रिपोर्ट): नौतनवा नगर स्थित बचपन प्ले वे स्कूल में बुधवार को बच्चों ने एक साथ क्रिसमस पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पर्व के महत्व से अवगत कराया गया और आपसी सहयोग व मानवता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को क्रिसमस पर्व की जानकारी दी गई। उन्हें प्रभु यीशु मसीह के जन्म, उनके संदेश और ईसाई धर्म की मान्यताओं के बारे में सरल शब्दों में समझाया गया। साथ ही बच्चों का परिचय कई नए शब्दों से कराया गया, जिनमें क्रिसमस, क्रिश्चियन, चर्च, ट्री, बेल, गिफ्ट, शेपहेर्ड, किंग, एंजेल, सांता और स्नोमैन जैसे शब्द शामिल रहे।
इस अवसर पर सांता क्लॉज के रूप में उपस्थित ‘सांता अंकल’ ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की। सांता को देखकर बच्चे बेहद प्रसन्न नजर आए। कई बच्चे नन्हे सांता के रूप में सजे हुए थे, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बने। बच्चों ने आपस में मस्ती की और संगीत पर नृत्य भी किया।
धार्मिक सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों का संदेश
विद्यालय की डायरेक्टर अंजलि ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों और शिक्षकों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें हर धर्म का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि प्रत्येक धर्म मानवता, प्रेम और परोपकार की शिक्षा देता है। उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि लेने से अधिक सुख देने में है और जीवन में समर्पण की भावना को अपनाना चाहिए।

‘जॉय ऑफ गिविंग’ की अनूठी पहल
कार्यक्रम के विशेष सत्र में बच्चों के लिए एक बॉक्स रखा गया, जिसमें प्रत्येक बच्चे ने अपने हिस्से की एक-एक टॉफी डाली। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को “जॉय ऑफ गिविंग” की सीख दी गई। बच्चों को एक-दूसरे का साथ देने और सहयोग की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। डायरेक्टर अंजलि ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को एक अच्छा इंसान बनने की दिशा में मार्गदर्शन मिलता है।
कार्यक्रम में बच्चों में सामर्थ, प्रिशा, सृष्टि, अफीफा, रियान, अर्पित, आयु, शिवांशी, आशुतोष, श्री, कुंज, सूर्यांश, ऋषिका, कबीर, स्वस्तिका, धैर्य, मरियम, वासु, शिवांश और हर्ष उपस्थित रहे। वहीं शिक्षकों में मोनिका, वैष्णवी, तेजस्वी, प्रियंका, मनिता, अंजलि, श्रद्धा, अंशिका, रिंकल और इशिता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

