‘दिल्ली में पेट्रोल-डीजल, LPG और पीएनजी की कोई कमी नहीं’, CM रेखा गुप्ता बोलीं- अफवाहों पर ध्यान न दें

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार के ईंधन की कोई कमी नहीं है। दिल्ली के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी (पैनिक बाइंग) या जमाखोरी न करें और ईंधन आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पुष्टि की है कि दिल्ली में घरेलू पीएनजी की आपूर्ति स्थिर है। प्राकृतिक गैस के आवंटन में घरेलू पीएनजी और परिवहन क्षेत्र (सीएनजी) के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही तेल विपणन कंपनियों ने भी यह सुनिश्चित किया है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से कार्य कर रही है।

बुकिंग नियमों में बदलाव और डिलीवरी की स्थिति

सरकार ने सूचित किया है कि एलपीजी रिफिल बुकिंगके लिए न्यूनतम अंतराल को 21 दिनों से संशोधित कर अब 25 दिन कर दिया गया है। हालांकि इस बदलाव के बावजूद उपभोक्ताओं को बुकिंग के औसतन दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी मिल रही है। उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उदाहरण के तौर पर, यदि पिछला सिलेंडर 1 फरवरी 2026 को डिलीवर हुआ था, तो अगली बुकिंग 25 दिन पूरे होने पर यानी 26 फरवरी 2026 को या उसके बाद की जा सकती है। इसके लिए गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है; उपभोक्ता वेब पोर्टल, एसएमएस, आईवीआरएस, मिस्ड-कॉल या वॉट्सऐप का उपयोग कर सकते हैं।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने फील्ड अधिकारियों को तैनात किया है ताकि रिफिल बुकिंग की प्रक्रिया सुगम रहे। इंफोर्समेंट टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं ताकि ईंधन की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जा सके। विशेष रूप से रेस्तरां और भोजनालयों जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

  • सरकार ने यह भी कहा है कि आने वाले समय में कमर्शियल एलपीजी की विनियमित आपूर्ति के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
  • दिल्ली सरकार एक बार फिर सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे ईंधन की उपलब्धता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त रहें और किसी भी प्रकार की घबराहट में आकर खरीदारी न करें।

रेखा गुप्ता ने किया एक्स्कवेटर मशीनों का उद्घाटन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बदूसराय ब्रिज पर अत्याधुनिक उभयचर (एम्फीबियस) एक्स्कवेटर मशीनों को हरी झंडी दिखाकर नजफगढ़ ड्रेन और पंखा रोड ड्रेन की सफाई कार्य की शुरुआत की। आधुनिक लॉन्ग-बूम और शॉर्ट-बूम मशीनों की तैनाती से सिल्ट निकालने, कचरा और जलकुंभी हटाने का कार्य तेज होगा तथा ड्रेनों की जल वहन क्षमता बढ़ेगी। इससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और यमुना की सफाई के बड़े लक्ष्य को भी बल मिलेगा।

  • मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बदूसराय ब्रिज पर नजफगढ़ ड्रेन और पंखा रोड ड्रेन की सफाई के लिए अत्याधुनिक उभयचर एक्स्कवेटर मशीनों को हरी झंडी दिखाई।
  • इन मशीनों की मदद से ड्रेनों से सिल्ट निकालने, कचरा हटाने और जलकुंभी साफ करने का काम तेज होगा, जिससे ड्रेनों की जल निकासी क्षमता बढ़ेगी और मानसून के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी।
  • नजफगढ़ ड्रेन दिल्ली का सबसे बड़ा ड्रेन है और यह शहर के ड्रेनेज सिस्टम की लगभग 75 प्रतिशत सिल्ट को वहन करता है।
  • अनुमान है कि वर्षों में नजफगढ़ ड्रेन में 10 मिलियन मीट्रिक टन से अधिक सिल्ट जमा हो चुकी है।
  • नई तैनात फ्लोटिंग मशीनें ड्रेन के बीच तक पहुंचकर सीधे जमा सिल्ट और गाद को निकाल सकती हैं, जिससे सफाई प्रक्रिया काफी तेज हो जाएगी।
  • चार नई उभयचर मशीनों को हरी झंडी दिखाई गई, जबकि एक मशीन पहले ही लाई जा चुकी थी। शेष मशीनें भी जल्द ही विभाग को सौंप दी जाएंगी।
  • इन मशीनों को सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण (आई एंड एफसी) विभाग द्वारा बदूसराय ब्रिज, ककरोला, द्वारका और उत्तम नगर सहित कई प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है।
  • शॉर्ट-बूम उभयचर मशीन की लागत लगभग ₹1.27 करोड़ है। इसमें लगभग 6 मीटर लंबा बूम, 0.20 घन मीटर की बकेट क्षमता, 65 एचपी इंजन और 2.25 घन मीटर का वेस्ट बिन है। यह लगभग 5 मीटर चौड़े संकरे ड्रेनों में भी काम कर सकती है।
  • लॉन्ग-बूम उभयचर मशीन की लागत लगभग ₹3.15 करोड़ है। इसमें 15 मीटर लंबा बूम, 0.50 घन मीटर की बकेट क्षमता और 135 एचपी इंजन है। यह लगभग 9 मीटर गहराई तक काम कर सकती है और सूखी, दलदली और जलभराव वाली परिस्थितियों में प्रभावी रूप से कार्य करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!