नौतनवां/महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल): नौतनवां नगर पालिका परिषद में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने किया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
आपातकाल की 50वीं बरसी: ऐतिहासिक घटनाक्रम को याद किया गया-
25 जून 1975 को तत्कालीन सरकार द्वारा घोषित आपातकाल की घटना को याद करते हुए पालिका अध्यक्ष ने इसे भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “आज ही के दिन देश में लोकतंत्र की हत्या कर आपातकाल लगाया गया था। आज हम उन तमाम लोगों को नमन करते हैं जिन्होंने उस समय लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवाज उठाई।”
सभासदों और कर्मचारियों की सहभागिता-
इस मौके पर नगर पालिका के विभिन्न सभासदगण, अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम में शामिल होकर लोकतंत्र के महत्व पर चर्चा की। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती को देश की प्रगति का मूल आधार बताया और युवाओं से संविधान के मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।