महराजगंज समाचार: संतोष कुमार शर्मा बने महाराजगंज के जिलाधिकारी, सुशासन और जनकल्याण प्राथमिकता में शामिल

महाराजगंज (आनन्द श्रीवास्तव) | जनपद को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। गुरुवार की शाम संतोष कुमार शर्मा ने महाराजगंज के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक औपचारिक समारोह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने पदभार संभाला।

 

अयोध्या से महाराजगंज तक प्रशासनिक जिम्मेदारी-

संतोष कुमार शर्मा इससे पूर्व अयोध्या नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने अनुनय झा का स्थान लिया है, जिनका तबादला हरदोई जिले के जिलाधिकारी के रूप में किया गया है। कार्यभार ग्रहण के दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

सभी अधिकारियों ने जताया सहयोग का भरोसा-

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुराग जैन, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, उप जिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नए जिलाधिकारी को सहयोग का भरोसा देते हुए जिले के समग्र विकास में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

 

विकास और जनहित योजनाएं रहेंगी प्राथमिकता-

पदभार ग्रहण करने के बाद संतोष कुमार शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले का सर्वांगीण विकास, सुशासन की स्थापना और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!