• लाइव खबर अब तक न्यूज़

खान सर कहां हैं? खोज रही पुलिस, फायरिंग केस में FIR के बाद बढ़ी मुश्किलें

पटना: सुर्खियों में रहने वाले खान सर मुश्किल में हैं. पटना पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी बनाए गए खान सर की तलाश में है तो खान सर पटना पुलिस के साथ लुका-छिपी का खेल खेल रहे हैं. पुलिस उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है और वो छिपे-छिपे घूम रहे हैं. कभी सरेंडर की खबर आती है तो कभी अग्रिम जमानत की याचिका दायर करने की, लेकिन हो कुछ नहीं रहा है और अब कल रविवार है, कोर्ट बंद है, सोमवार का इंतजार करना होगा है, क्या तब तक खान सर गिरफ्तारी से बच पाएंगे?

इस मामले को विस्तार से समझने की जरूरत है, इसलिए थोड़ा पीछे चलते हैं. बात 2 जून की रात से शुरू होती है. जब पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई. शुरुआती आरोप लगा कि कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर पर हमला किया है. इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

लेकिन जांच के दौरान कहानी में बड़ा मोड़ आया. पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा, जिसमें कथित तौर पर खान सर के कोचिंग सेंटर से जुड़े सुरक्षाकर्मी फायरिंग करते दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लिया और उनके हथियार जब्त कर लिए.

खान सर पर FIR दर्ज, बढ़ी मुश्किलें

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों गार्डों ने कहा कि फायरिंग खान सर के कहने पर की गई थी. इन्हीं बयानों के आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली.

यहीं से मामला पूरी तरह पलट गया. जो खान सर पहले हमले के पीड़ित माने जा रहे थे, वो खुद पुलिस जांच के दायरे में आ गए. पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज की, जबकि खान सर की तरफ से कहा गया कि गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी. अब हालात ये हैं कि पटना पुलिस की टीमें खान सर की तलाश में जुटी हैं.

कल रात में खान सर पुलिस से घिरे दिखाई दिए थे उसके बाद से वो गायब हैं। गिरफ्तारी की अटकलों के बीच उनके वकीलों ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है, उनके कोर्ट में सरेंडर की कोशिश की खबरें भी आई, लेकिन वो अब तक कोर्ट नहीं पहुंचे.

पुलिस को खान सर की तलाश

कुल मिलाकर पटना पुलिस की नजर खान सर पर है और खान सर पुलिस की नजर से बचने में लगे हैं. खान सर के वकील की कोशिश है कि किसी तरह अग्रिम जमानत मिल जाए, दूसरी तरफ इस मामले में नेता भी बयानबाजी वाली पिच पर उतर चुके हैं, कुछ लोगों को खान सर की चिंता है तो कुछ को बिहार की छवि की.

इस बीच यूपी के देवरिया में खान सर के पैतृक गांव में भी इस मामले की काफी चर्चा है. गांव के कुछ लोगों और रिश्तेदारों ने उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर की है, कुछ स्थानीय लोगों ने उन पर दबदबा दिखाने और विवादों में हस्तक्षेप करने के आरोप भी लगाए हैं. यानी पटना में खान सर का मामला थोड़ा गड़बड़ हुआ तो उनके पैतृक गांव में उनके विरोधी सक्रिय हो गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!