महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल)। इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र सोनौली से अवैध रूप से संचालित डग्गामार यात्री वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार की रात एआरटीओ, उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली जा रही एक यात्री बस को सीज कर दिया। इस बस का टैक्स जमा नहीं किया गया था।
रात 8 बजे शुरू हुआ अभियान
प्रशासन की यह संयुक्त कार्रवाई रात करीब 8 बजे शुरू हुई, जिसमें पीटीओ जीत बहादुर सिंह, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, सीओ नौतनवा जय प्रकाश त्रिपाठी और सोनौली डिपो के टीआई (चेकिंग दल) अमित सिंह शामिल थे। टीम ने सोनौली से दिल्ली जा रही एक संदिग्ध बस को नौतनवा स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर पकड़ा।
चार माह से नहीं था टैक्स जमा
बस की जांच के दौरान अधिकारियों को ज्ञात हुआ कि वाहन पिछले चार महीने से कर (टैक्स) अदा किए बिना ही सवारियों को लेकर अंतरराज्यीय संचालन कर रहा था। इसके चलते बस को तत्काल प्रभाव से सीज कर सोनौली डिपो परिसर में खड़ा करा दिया गया।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
पीटीओ जीत बहादुर सिंह ने बताया कि अवैध यात्री वाहनों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सख्ती से हड़कंप
इस अभियान के बाद अवैध रूप से संचालित यात्री वाहनों के संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह केवल शुरुआत है और बॉर्डर क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।