महराजगंज (लाल बहादुर जायसवाल)। जिले में शुक्रवार रात हुई युवक की हत्या का महराजगंज पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्या के पीछे मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी का हाथ निकला। पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
#MaharajganjPolice
महराजगंज पुलिस की सफलता, थाना निचलौल पुलिस द्वारा हत्या की घटना का सफल अनावरण, मु.अ.सं. 242/2025 धारा 103(1),238,3(5) बीएनएस में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक महाराजगंज की बाइट👇@Uppolice @AdgGkr@diggorakhpur #UPPolice pic.twitter.com/wp9FBxEKAV— MAHARAJGANJ POLICE (@maharajganjpol) September 14, 2025
मृतक की पहचान ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी गांव निवासी नागेश्वर रौनियार (25) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त जितेंद्र से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी।
जितेंद्र ने बताया कि मृतक नागेश्वर उसकी दुकान पर काम करता था। एक दिन नागेश्वर ने उसे एक लड़की का नंबर दिया और बातचीत करने के लिए कहा। बातचीत के दौरान नजदीकियां बढ़ीं और बाद में पता चला कि वह लड़की वास्तव में नागेश्वर की पत्नी नेहा रौनियार थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और शादी करने का विचार करने लगे। लेकिन नागेश्वर उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था और पत्नी से मिलने नहीं देता था। इसी कारण दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
हत्या की वारदात
योजना के तहत नेहा और जितेंद्र ने नागेश्वर को महराजगंज सिविल लाइन स्थित किराए के कमरे पर बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई और सो जाने के बाद उसके पैर सफेद दुपट्टे से बांध दिए। इसके बाद नेहा ने अपने हाथों से नागेश्वर का गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद घटना को हादसे का रूप देने के लिए दोनों ने नागेश्वर के शव को उसकी ही मोटरसाइकिल प्लेटिना (UP56 BA 6435) पर बैठाया। जितेंद्र बाइक चला रहा था और पीछे मृतक का शव नेहा पकड़कर बैठी थी। वे चौक मार्ग से होते हुए निचलौल क्षेत्र पहुंचे और दमकी गैस एजेंसी के पास सड़क पर शव लिटाकर बाइक वही गिरा दी। इसके बाद दोनों पैदल महराजगंज की ओर लौटे और रास्ते में साधन मिलने पर अपने किराए के कमरे में चले गए।
पुलिस की कार्रवाई
पूरे घटनाक्रम का समर्थन अभियुक्ता नेहा रौनियार ने भी किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने मात्र 24 घंटे में इस सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश कर दिया।






